BILASPUR NEWS. रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में शनिवार देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नशे की हालत में शुरू हुई कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने 30 वर्षीय युवक इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव पर घर की छत पर चढ़कर ईंट से हमला कर दिया। सिर पर लगातार किए गए वार से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि रतनपुर क्षेत्र में कुछ ही दिनों के भीतर यह तीसरी हत्या की घटना है।

जानकारी के अनुसार, देर रात मोहल्ले में कुछ लोगों के बीच गाली-गलौज शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के बाद हमलावर इंद्रप्रकाश के घर पहुंच गए और छत पर चढ़कर दीवार से ईंट निकाल-निकालकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडे पुलिस बल के साथ रात करीब एक बजे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तत्काल घेराबंदी करते हुए संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर से एफएसएल टीम को बुलाया गया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस सनसनीखेज हत्या के बाद अकलतरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल है। लगातार हो रही हत्या की घटनाओं को लेकर लोग कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






































