VRINDAVAN NEWS. आईपीएल का खिताब जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अपनी पत्नी एवं अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ मंगलवार सुबह वृंदावन पहुंचे। दोनों ने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान स्टार कपल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।

जानकारी के अनुसार, विराट और अनुष्का सुबह करीब 7 बजे केली कुंज आश्रम पहुंचे। सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए दोनों मास्क पहनकर कार से उतरे और नंगे पांव आश्रम परिसर में प्रवेश किया। आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने उनका स्वागत किया।

करीब दो घंटे तक आश्रम में रहने के दौरान दोनों ने संत प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया और सत्संग में भी शामिल हुए। आश्रम से बाहर निकलते समय विराट के माथे पर चंदन और त्रिपुंड लगा हुआ था, जबकि उनके हाथ में एक धार्मिक पुस्तक दिखाई दी। इसके बाद दोनों पैदल चलकर बड़े गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे और वहां भी दर्शन किए।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचे हों। इससे पहले अक्षय तृतीया के अवसर पर भी दोनों संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने आए थे और सत्संग में शामिल हुए थे।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में अहमदाबाद में खेले गए आईपीएल फाइनल में विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया था। बड़ी जीत के बाद विराट और अनुष्का का वृंदावन पहुंचना उनकी आध्यात्मिक आस्था और धार्मिक जुड़ाव को दर्शाता है।



































