सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में देसी शराब की सीलपैक बोतल में कथित तौर पर कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शराब उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने पैकेजिंग और निगरानी व्यवस्था की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बालोद में भी मिला था कांच का टुकड़ा
गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों के भीतर यह दूसरा मामला है। इससे पहले बालोद जिले के तांदुला डैम के पास स्थित देसी शराब दुकान से खरीदी गई रोमियो ब्रांड की शराब की बोतल में कांच के टुकड़े मिलने का मामला सामने आया था।

डभरा की सरकारी दुकान से खरीदी गई थी शराब
जानकारी के अनुसार, डभरा स्थित शासकीय देसी शराब दुकान से गुरुवार को एक व्यक्ति ने प्लेन ब्रांड का पौवा खरीदा था। जब उसने बोतल खोली तो उसमें कीड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उसने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वायरल वीडियो में बोतल के अंदर कीड़ा स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है।
गुणवत्ता और सुरक्षा पर उठे सवाल
मामले के सामने आने के बाद लोगों ने सरकारी दुकानों पर बिकने वाली शराब की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्पादों की नियमित जांच होनी चाहिए और गुणवत्ता संबंधी नियमों का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए।

आबकारी विभाग ने कही जांच की बात
प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर जांच टीम भेजी गई थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि शराब किस व्यक्ति ने और किस दुकान से खरीदी थी। इस संबंध में विभाग को कोई आधिकारिक शिकायत भी प्राप्त नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में बोतल पर लेबल भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है। संबंधित दुकान के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, लेकिन उससे भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। शिकायतकर्ता के सामने आने और लिखित शिकायत देने पर विस्तृत जांच की जाएगी।






































