JOB NEWS. जगदलपुर जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि शिक्षकों के विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भर्ती के लिए 30 जून 2026 को प्रातः 9 बजे से शाम 7 बजे तक प्रयास आवासीय विद्यालय, धुरगुड़ा (जगदलपुर) में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जरूरी योग्यता वाले ही आवेदन कर सकेंगे।

इच्छुक अभ्यर्थी 21 जून 2026 तक गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए निर्धारित लिंक पर जाकर फॉर्म भरना होगा। साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक एवं आवश्यक दस्तावेज, दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, अनुभव प्रमाण-पत्र तथा अन्य जरूरी प्रमाण-पत्र साथ लाने होंगे। भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी आवेदन लिंक पर उपलब्ध है।

इधर, छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती को लेकर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएगी और इसमें पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। मंत्री के अनुसार, व्यापमं भर्ती प्रक्रिया की तैयारियों में जुटा हुआ है और तय कार्यक्रम के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि प्रदेश के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में करीब 5 हजार शिक्षकों की आवश्यकता है। पूर्व में भर्ती प्रक्रिया विभिन्न कारणों से पूरी नहीं हो सकी थी। इसे देखते हुए सरकार ने भर्ती व्यवस्था को केंद्रीकृत करने का निर्णय लिया है।


भर्ती के लिए एक केंद्रीयकृत परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसका संचालन निजी एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा प्रणाली को आधुनिक और पारदर्शी बनाया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को उसी दिन परिणाम उपलब्ध कराया जा सके। सरकार का लक्ष्य जुलाई के पहले सप्ताह तक 5 हजार शिक्षकों की भर्ती पूरी करने का है।





































