GAURELA PENDRA MARWAHI NEWS. जीपीएम जिले के कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूटकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले में मुख्य शूटर समेत अंतरराज्यीय गिरोह के तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात का मास्टरमाइंड बिलासपुर जिले के बिटकुला (सीपत) निवासी खुशीराम साहू है, जिसने कई दिनों तक व्यापारी की रेकी कर पूरी साजिश रची थी। लूट को अंजाम देने के लिए बिहार और झारखंड से पेशेवर शूटर बुलाए गए थे।

कटे हाथ के बावजूद रची बड़ी साजिश
जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा मास्टरमाइंड खुशीराम साहू को लेकर हुआ। एक हाथ कट जाने के बावजूद वह विशेष तरीके से बाइक चलाता था। पुलिस के अनुसार घटना के बाद उसने कटे हाथ में लोहे की पतली तार बांधकर उसी के सहारे बाइक का एक्सीलेटर नियंत्रित किया और फरार हो गया।
क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान जब खुशीराम ने पुलिस अधिकारियों के सामने उसी तकनीक से तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल चलाकर दिखाई, तो मौजूद अधिकारी भी हैरान रह गए।

बिहार-झारखंड से बुलाए गए थे शूटर
पुलिस के मुताबिक खुशीराम ने अपने संपर्कों के जरिए बिहार और झारखंड से शूटरों को बुलाया था। मुख्य शूटर मनीष मंडल उर्फ राहुल, सुजीत उर्फ राजू दास और संतोष दास को इस वारदात के लिए तैयार किया गया। आरोपियों को ठहराने, भागने और लूट का माल छिपाने में खुशीराम के भतीजे राजाराम साहू और दामाद श्रेयांश शुक्ला ने भी सहयोग किया।

विरोध करने पर मार दी गोली
26 मई की शाम कोटमी बाजार पहुंचे बदमाशों ने प्रदीप सोनी से जेवरों से भरा बैग लूटने की कोशिश की। व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर मुख्य शूटर ने बेहद करीब से उनके सीने में गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लूट का माल बांटा, सबूत भी जलाए
वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। अगले दिन सभी देवरीखुर्द में एकत्र हुए, जहां लूटे गए आभूषणों का बंटवारा किया गया। सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने पैकेजिंग सामग्री और अन्य सामान को आग के हवाले कर दिया तथा बाद में बिहार और झारखंड फरार हो गए।
हथियार, वाहन और जेवर बरामद
कोटमी चौकी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त वाहन, 40 ग्राम सोना तथा करीब साढ़े चार किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। लूटे गए कुछ जेवर रेलवे ट्रैक किनारे एक नाले से भी बरामद हुए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।





































