DURG NEWS. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) दुर्ग द्वारा पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर तथा जिला अधिवक्ता संघ परिसर में व्यापक वृक्षारोपण किया गया।

कार्यक्रम में न्यायाधीशों, राज्य बार काउंसिल के सदस्यों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने मिलकर आम, नीम, बादाम, जामुन और चमेली सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा हरित और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संदेश दिया।

आयोजन की विशेष बात न्यायपालिका, अधिवक्ता समुदाय और न्यायालयीन कर्मचारियों के बीच दिखाई दिया सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा। सभी ने एक परिवार की तरह मिलकर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता जताई।इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने पैरालीगल वालेंटियर्स के सहयोग से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण विषयक जनजागरूकता शिविर भी लगाए। इन कार्यक्रमों में नागरिकों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन के महत्व की जानकारी दी गई।

लोगों को जागरूक करने के लिए पाम्पलेट, बैनर, पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री का भी वितरण किया गया। न्यायालय परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग ने आमजन से अपील की है कि पर्यावरण संरक्षण को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पर्यावरण हितैषी गतिविधियों में सहभागी बनें। इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण का निर्माण संभव हो सकेगा।




































