NEW DELHI NEWS. सोशल मीडिया के जरिए चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आ यानी 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन का दावा है कि देशभर के छात्र, अभिभावक और युवा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर इस आंदोलन में शामिल होंगे। यह पहली बार है जब CJP राष्ट्रीय स्तर पर इतना बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंचने की जानकारी दी गई है। संगठन के अनुसार, प्रदर्शन शुरू करने से पहले प्रशासन और पुलिस से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

इसके बाद सुबह 9 बजे जंतर-मंतर पर विरोध कार्यक्रम शुरू करने की योजना है। CJP का कहना है कि मौजूदा शिक्षा प्रणाली से बड़ी संख्या में छात्र असंतुष्ट हैं। संगठन ने नीट परीक्षा से जुड़े विवादों, सीबीएसई परीक्षाओं और अन्य शैक्षणिक मुद्दों को उठाते हुए शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार की मांग की है। पार्टी का दावा है कि लाखों छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंता में हैं और उनकी आवाज को प्रभावी मंच नहीं मिल रहा है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल विशेष तक सीमित नहीं है। छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है।

CJP के प्रवक्ताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार और नीति निर्माताओं तक पहुंचाना है। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई गंभीर मामलों ने छात्रों में निराशा बढ़ाई है। इसी को आधार बनाते हुए उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग उठाई है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिक्षा व्यवस्था में लोगों का विश्वास बहाल करने के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की है।

प्रदर्शन से पहले संगठन ने समर्थकों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसमें किसी भी तरह की हिंसा या उकसावे से दूर रहने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने और कार्यक्रम के दौरान अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया गया है। प्रतिभागियों को पानी, टोपी और अन्य जरूरी सामान साथ रखने की सलाह भी दी गई है ताकि गर्मी से बचाव किया जा सके।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, अनुमति पर स्थिति स्पष्ट नहीं
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि प्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में उन्हें मुख्य रूप से सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक CJP की ओर से प्रदर्शन के लिए कोई औपचारिक अनुमति आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


































