मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिले में पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद हिंसक रूप ले बैठा। पूरबसराय थाना क्षेत्र में एक महिला पर अपने पति के प्राइवेट पार्ट पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगा है। हमले में घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार कर कई टांके लगाए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार शाहजुवैर रोड निवासी मोहम्मद फैसल खान की शादी 13 अप्रैल 2025 को भागलपुर के कबीरपुर निवासी इशरत हसन उर्फ सानिया के साथ हुई थी। शुरुआती दिनों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
फैसल खान का आरोप है कि उनकी पत्नी का किसी अन्य युवक से संपर्क था, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। उनका कहना है कि पत्नी अलग रहने की जिद करती थी और उनकी मां के साथ भी अक्सर कहासुनी होती रहती थी। घटना से एक दिन पहले भी पत्नी और उनकी मां के बीच विवाद हुआ था।

पीड़ित के अनुसार शनिवार देर रात वह काम से लौटकर घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान पत्नी वहां पहुंची और दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महिला ने धारदार हथियार से उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन घायल अवस्था में फैसल को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया। फैसल ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद उनकी पत्नी घर में रखे लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और चार माह की बेटी को लेकर मायके चली गई।
पीड़ित ने अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। वहीं, पूरबसराय थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

































