DURG NEWS. दुर्ग जिले के कोड़िया धान खरीदी केंद्र में अचानक भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से केंद्र में संग्रहित करीब 300 क्विंटल धान जलकर राख हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि भीषण गर्मी और तेज लपटों के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे धान का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास पैरा (पराली) में लगाई गई आग फैलकर धान खरीदी केंद्र तक पहुंची हो सकती है। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं।

अग्निशमन विभाग के अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को कई घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग पांच टैंकर पानी की मदद से आग को पूरी तरह नियंत्रित किया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।




































