MAHARASTRA NEWS. महाराष्ट्र में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। रविवार को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का प्रश्नपत्र परीक्षा से महज 24 घंटे पहले लीक हो गया। पेपर लीक की पुष्टि होते ही महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल (MSEC) ने परीक्षा को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया। अब परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी। इस फैसले से राज्यभर के 4.28 लाख से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, परीक्षा से एक दिन पहले पेपर लीक होने की विश्वसनीय सूचना मिलने पर विशेष टीमों ने ठाणे जिले के भिवंडी स्थित कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लीक हुआ प्रश्नपत्र बरामद किया। इसके बाद महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जब्त प्रश्नपत्र का मूल पेपर से मिलान कराया गया, जिसमें लीक की पुष्टि हुई।

मामले में पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या और पूरे नेटवर्क का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले किन-किन तक पहुंचा।

महाराष्ट्र में सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए TET उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। वहीं, कई मामलों में सेवा में बने रहने और पदोन्नति के लिए भी यह परीक्षा आवश्यक होती है। ऐसे में परीक्षा स्थगित होने से लाखों अभ्यर्थियों की तैयारी और भविष्य की योजनाओं पर असर पड़ा है।

पेपर लीक की घटना के बाद अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और जल्द नई परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग की है।






































