RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में हुई युवती पूर्णिमा चौहान की सनसनीखेज हत्या के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस जघन्य हत्याकांड की तह तक जाने और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने एक बड़ा कदम उठाया है। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के उद्देश्य से कांग्रेस ने एक 5 सदस्यीय विशेष जांच समिति का एलान किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के कड़े निर्देशों के बाद इस उच्च स्तरीय जांच दल का गठन किया गया है। कांग्रेस ने इस संवेदनशील मामले की कमान स्थानीय और अनुभवी विधायकों के हाथों में सौंपी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने समिति के सभी सदस्यों को तत्काल प्रभाव से काम शुरू करने को कहा है। यह पांच सदस्यीय टीम जल्द ही ग्राम जोंगरा का दौरा करेगी।

जांच समिति का ढांचा
संयोजक: चंद्रपुर विधानसभा के विधायक रामकुमार यादव को इस पूरी समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। टीम में चार अन्य कद्दावर विधायकों को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
व्यास कश्यप (विधायक, जांजगीर-चांपा)
शेषराज हरवंश (विधायक, पामगढ़)
राघवेंद्र सिंह (विधायक, अकलतरा)
बालेश्वर साहू (विधायक, जैजेपुर)

समिति को सौंपे गए मुख्य कार्य
टीम मृतका पूर्णिमा चौहान के शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना देगी और घटनाक्रम की जानकारी लेगी। घटना के वक्त की वास्तविक स्थिति जानने के लिए ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत की जाएगी। पूरी जमीनी हकीकत और वस्तुस्थिति का पता लगाने के बाद यह समिति एक विस्तृत और गोपनीय जांच रिपोर्ट तैयार कर सीधे प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।

गौरतलब है कि सक्ती जिले के जोंगरा गांव में अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर युवती पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी, जिसके बाद से इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। अब कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है।






































