LUCKNOW NEWS : लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में साइबर अपराधियों ने एक महिला पुलिस अधिकारी को ही अपना निशाना बना लिया। बीकेटी थाने में तैनात एक महिला दरोगा के बैंक खातों से साइबर ठगों ने 1.64 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला दरोगा के अनुसार, 4 जून को दोपहर करीब 1:45 बजे उनका मोबाइल फोन अचानक ऑटो अपडेट होने लगा। उन्हें लगा कि फोन सामान्य रूप से अपडेट हो रहा है, लेकिन करीब एक घंटे बाद पता चला कि मोबाइल अपडेट नहीं बल्कि पूरी तरह फॉर्मेट हो चुका है।

फोन दोबारा चालू होने पर उन्हें बैंक खातों से रकम निकलने की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से 99 हजार रुपये और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया खाते से 65 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। कुल मिलाकर साइबर ठगों ने 1.64 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया।

पीड़िता ने बताया कि रकम गूगल पे के माध्यम से विभिन्न खातों में ट्रांसफर की गई। इनमें 99 हजार रुपये शुभम भारती और आकाश कुमार के खातों में भेजे गए थे। मामले की जानकारी मिलते ही महिला दरोगा ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद संबंधित खातों को फ्रीज करा दिया गया।

जांच के दौरान पता चला कि 99 हजार रुपये शुभम भारती के खाते में पहुंचे थे। आरोप है कि उक्त राशि को वृंदावन योजना स्थित एक्सिस बैंक शाखा से चेक के जरिए निकाल लिया गया।

महिला दरोगा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।




































