उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के जखौरा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर ब्लैकमेलिंग और धमकी देकर पैसे वसूलने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे प्रकरण का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें महिला को कथित तौर पर पैसे गिनते हुए देखा जा रहा है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, महिला ने पहले उनके बेटे के खिलाफ दर्ज एक दुष्कर्म मामले को लेकर समझौता कराने और केस खत्म कराने के नाम पर 3 लाख 50 हजार रुपये की मांग की थी। परिवार का आरोप है कि बेटे को कानूनी राहत दिलाने के लिए मजबूरी में यह राशि महिला को दे दी गई। बाद में मामला उच्च न्यायालय में निस्तारित हो गया, लेकिन इसके बावजूद महिला की मांगें खत्म नहीं हुईं।

आरोप है कि इसके बाद भी महिला ने 20 हजार रुपये और वसूले तथा लगातार परिवार पर अतिरिक्त 80 हजार रुपये देने का दबाव बनाती रही। परिवार का कहना है कि महिला ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो वह पहले की तरह पूरे परिवार को झूठे मामलों में फंसा देगी।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 4 जून को महिला पीड़ित परिवार के घर पहुंची और वहां जमकर हंगामा किया। इस दौरान उसने पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी, जिससे परिवार काफी डर और तनाव में आ गया।
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव से परेशान होकर पीड़ित परिवार ने जखौरा थाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और प्राथमिक तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।



































