LALITPUR NEWS : ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के बालाबेहट थाना क्षेत्र में एक सफाई कर्मचारी ने अपने बेटे और बहू पर उत्पीड़न तथा अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

संपत्ति देने के बाद भी कर रहे परेशान
कस्बा बालाबेहट निवासी पीड़ित ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि उसका बेटा और बहू आए दिन उसके साथ दुर्व्यवहार करते हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं।
पीड़ित का कहना है कि वह अपने पुत्र को पहले ही अपनी चार एकड़ कृषि भूमि में से दो एकड़ जमीन और मकान के सात कमरे दे चुका है। इसके बावजूद दोनों उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर रहे हैं और लगातार परेशान कर रहे हैं।

बहू पर बेटे को भड़काने का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसकी पुत्रवधू उसके बेटे को शराब पिलाती है और उसके खिलाफ भड़काने का काम करती है। उसका कहना है कि बहू की उकसावे के चलते बेटा उसके साथ मारपीट करने पर उतारू हो जाता है।

मानसिक तनाव में है पीड़ित
पीड़ित ने बताया कि लगातार हो रहे उत्पीड़न और पारिवारिक विवाद के कारण वह मानसिक तनाव से गुजर रहा है। कई बार समझाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।

सीओ स्तर से जांच कराने की मांग
सफाई कर्मचारी ने पुलिस अधीक्षक से बेटे और बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही मामले की जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्तर से कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।






































