PATNA NEWS. बिहार में रविवार को आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले राजधानी पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा देखने को मिला। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों के एक समूह ने रेलवे व्यवस्था पर अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और स्टेशन परिसर में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारी छात्रों ने कई ट्रेनों को रोक दिया और रेलवे स्टेशन पर मौजूद दुकानों तथा परीक्षा स्पेशल ट्रेन के कुछ हिस्सों में तोड़फोड़ की। घटना के बाद स्टेशन परिसर में कांच के टुकड़े बिखर गए और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। बताया गया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान पुलिस द्वारा हवाई फायरिंग भी की गई, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्टेशन पर हंगामा कर रहे हैं। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण व्यवहार करने और अन्य परीक्षार्थियों को सहयोग करने की अपील की थी, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व लगातार माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते रहे।

डीएम के मुताबिक, कुछ लोगों ने बार-बार ट्रेनों की इमरजेंसी चेन खींची और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाने जैसी मांगें रखीं, जबकि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पहले ही दो स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा चुकी थीं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने उन छात्रों को भी रोकने का प्रयास किया जो परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना होना चाहते थे।

प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित ट्रेनें रवाना कर दी गई हैं और रेलवे संचालन भी सामान्य रूप से जारी है। घटना की जांच की जा रही है तथा उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।





































