KORBA NEWS कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सोमवार दोपहर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। दिनदहाड़े एक हमाल की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए हत्या के महज एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सोते हुए हमाल पर किया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रहने वाला हमाल राजेश महाराज दोपहर में चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान उसका साथी भरत साहू वहां पहुंचा और लाठी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सुबह हुआ था विवाद, दोपहर में ले ली जान
पुलिस जांच में सामने आया है कि राजेश और भरत दोनों खानाबदोश जीवन जीते थे और नशे के आदी बताए जा रहे हैं। सोमवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोपहर में भरत ने सो रहे राजेश पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

सीएसपी ने खुद संभाला मोर्चा, एक घंटे में आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए मोतीसागर पारा में दबिश दी और फरार आरोपी भरत साहू को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति की पुष्टि चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।

हत्या के बाद पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल
कोरबा में लगातार बढ़ रहे अपराधों के बीच इस हत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए नगर कोतवाली थाना प्रभारी एम.बी. पटेल को हटाकर कटघोरा भेज दिया। उनकी जगह कटघोरा थाना प्रभारी धरमनारायण तिवारी को नगर कोतवाली की कमान सौंपी गई है।

सोमवार को जारी तबादला आदेश में तीन निरीक्षकों समेत सात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया। निरीक्षक मनोज कौशिक को पाली थाना और उप निरीक्षक शिव कुमार कोसरिया को पुलिस लाइन से सिविल लाइन रामपुर थाना भेजा गया है। अन्य अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं।






































