JHANSI NEWS: झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर बड़ी कार्रवाई की है। मेडिकल कॉलेज के पास करगुवा जी रोड स्थित इस सेंटर पर छापेमारी के दौरान दो कर्मचारी मौके से भाग निकले। अधिकारियों ने अल्ट्रासाउंड मशीन समेत अन्य उपकरण जब्त कर सेंटर को सील कर दिया। मामले में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
प्रशासन को सूचना मिली थी कि मेडिकल कॉलेज के पास एक भवन में बिना लाइसेंस के अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सिटी मजिस्ट्रेट पीके झा, डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष अग्निहोत्री और सीएफओ आर.के. राय की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा।

टीम पहुंचते ही मचा हड़कंप
छापेमारी के दौरान सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद दो लोग अधिकारियों को देखकर भाग निकले। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। टीम ने मौके से चालू हालत में एक अल्ट्रासाउंड मशीन, डीवीआर और दो मोबाइल फोन जब्त किए।

अवैध गतिविधियों की आशंका
प्रारंभिक जांच में अधिकारियों को संदेह है कि सेंटर का उपयोग अल्ट्रासाउंड से जुड़े अवैध कार्यों के लिए किया जा रहा था। पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डीएम के निर्देश पर अभियान जारी
सिटी मजिस्ट्रेट पीके झा ने बताया कि लखनऊ अग्निकांड के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में बिना मानकों के संचालित अस्पतालों, कोचिंग संस्थानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वहीं, पास के एक निजी अस्पताल की भी जांच की गई, जहां कुछ कमियां मिलने पर प्रबंधन को चेतावनी दी गई।






































