JHANSI NEWS झांसी। प्रेम विवाह के बाद खुशहाल जीवन की उम्मीद करने वाली एक महिला को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उसे पता चला कि उसके पति ने बिना तलाक दिए लगातार तीन और शादियां कर ली हैं। मामले में न्याय की मांग को लेकर पीड़िता एसएसपी कार्यालय पहुंची और कार्रवाई की गुहार लगाई।
महोबा जिले के नयाखाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2015 में वह झांसी में बैंकिंग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गया। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से 11 अक्टूबर 2015 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न हुआ।
महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और उसके परिजन दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। करीब डेढ़ साल बाद उसे घर से निकाल दिया गया। उस समय उसके साथ उसका छोटा बेटा भी था। मजबूर होकर वह मायके लौट गई।
पीड़िता के अनुसार कुछ समय बाद पति उसे समझा-बुझाकर वापस ले आया, लेकिन ससुराल में हालात नहीं बदले और उसे फिर से घर छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया गया। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसके पति ने एक किन्नर से विवाह कर लिया है। महिला का कहना है कि किन्नर ने स्वयं उससे संपर्क कर बताया कि पति उसके जेवरात और करीब आठ लाख रुपये लेकर फरार हो गया है। मुलाकात के दौरान किन्नर ने अपने विवाह से जुड़े फोटो भी दिखाए।
महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसके पति ने अप्रैल माह में एक और विवाह कर लिया। तीसरी शादी के फोटो और वीडियो सबूत के तौर पर लेकर वह एसएसपी कार्यालय पहुंची और पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।



































