JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले ने सड़क सुरक्षा जागरूकता के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जशपुर पुलिस ने हेलमेट और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले के सभी 766 गांवों में एक ही दिन जन चौपाल आयोजित कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है।

पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सभी गांवों में एक साथ चौपाल लगाई गई। इस दौरान ग्रामीणों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान में जिलेभर के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हेलमेट जागरूकता रैलियों में 10 हजार से अधिक लोगों ने भागीदारी की, जबकि 60 हजार से ज्यादा नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

इस जन-जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, वरिष्ठ अधिकारियों सहित तीन हजार से अधिक गणमान्य नागरिकों ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की राज्य प्रमुख सोनल राजेश शर्मा ने जशपुर पुलिस को इस उपलब्धि के लिए प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस उपलब्धि को जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस मितानों और आम नागरिकों को समर्पित बताया।






































