BILASPUR NEWS. रतनपुर थाना क्षेत्र में युवक का अपहरण कर उसे जंगल ले जाकर बंधक बनाने और परिजनों से 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार भेलवापारा कलमीटार निवासी घनश्याम पाटले ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने घर के आंगन में मौजूद था, तभी रतनपुर निवासी इशान सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे। आरोपियों ने किसी काम का बहाना बनाकर उसे घर से बाहर बुलाया और गले पर चाकू अड़ाकर जबरन मोटरसाइकिल में बैठाकर कोरबाभांवर जंगल ले गए।

गांजा फैलाकर खींची तस्वीर, फिर रची वसूली की साजिश
जंगल में आरोपियों ने युवक के सामने कागज पर गांजा फैलाकर उसकी तस्वीर खींची और उसे धमकाया कि जैसा कहा जाए वैसा ही फोन पर बोलना होगा। इसके बाद आरोपियों ने युवक से उसकी मां को फोन कर यह कहलवाया कि वह गांजा मामले में पाली थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गया है और मामला रफा-दफा कराने के लिए 50 हजार रुपये की जरूरत है।
बेटे की बात सुनकर परिजन पैसे देने को तैयार हो गए। आरोपियों ने पहले महामाया मंदिर बाईपास स्थित बादल महल के पास और बाद में हेलीपेड क्षेत्र में रकम पहुंचाने के निर्देश दिए।

परिजनों की सूझबूझ से नाकाम हुई साजिश
इस दौरान परिजनों को पूरे घटनाक्रम पर संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस टीम परिजनों के पीछे-पीछे निर्धारित स्थान पर पहुंची। जैसे ही आरोपी पैसे लेने पहुंचे, उन्होंने पुलिस को देख लिया और भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने पीछा कर इशान सारथी और एक नाबालिग को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने युवक का अपहरण कर जान से मारने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रतनपुर पुलिस फरार आरोपियों सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






































