BILASPUR NEWS. पुलिस अधिकारियों को पैसा देने का भय दिखाकर एक युवक से लाखों रुपये की उगाही करने वाले गिरोह के खिलाफ तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में नामजद तीन आरोपियों में से एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहदा निवासी रूपेश पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 जून 2026 को वह निजी कार्य से बिलासपुर आया था। इस दौरान दो महिला मित्रों के साथ विवाद होने पर सभी लोग थाना तारबाहर पहुंचे थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, घबराए हुए रूपेश ने अपने मित्र सचिन मेहर को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद सचिन मेहर ने यह जानकारी बिलासपुर निवासी सुमित देवांगन को दी। आरोप है कि दोनों ने मिलकर इस स्थिति का फायदा उठाया और प्रार्थी के परिवार को फोन कर यह कहकर डराया कि पुलिस अधिकारियों को पैसे देने होंगे, अन्यथा गंभीर कार्रवाई हो सकती है।

परिवार से मांगे 5 लाख, डर के कारण भेजे 1 लाख
आरोपियों ने कथित तौर पर पांच लाख रुपये की मांग की। परिवार भयभीत हो गया और एक लाख रुपये सुमित देवांगन के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी आरोपी लगातार चार दिनों तक शेष चार लाख रुपये देने के लिए फोन कर धमकियां देते रहे।
पीड़ित की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविंद्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सुमित देवांगन को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि प्रार्थी के परिजनों से एक लाख रुपये उसके खाते में आए थे, जिन्हें बाद में उसने अन्य आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले के अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
उगाही और धमकी के एंगल से जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में उगाही, धमकी और अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।






































