BILASPUR NEWS. चकरभाठा थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय बुजुर्ग का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जगतार सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने एक दिन पहले ही उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन अगले ही दिन उनका शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह कॉलोनी के पास लोगों ने एक बुजुर्ग का शव औंधे मुंह पड़ा देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान जगतार सिंह के रूप में की। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई।

घटनास्थल पर मिले कई संदिग्ध सुराग
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक के जूते और पैंट अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले, जबकि उनकी स्कूटी भी थोड़ी दूरी पर खड़ी मिली। इन परिस्थितियों ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि यह दुर्घटना, आत्महत्या या हत्या का मामला है।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है और जल्द मामले का खुलासा किए जाने की बात कही गई है।






































