BILASPUR NEWS. रतनपुर के एक निजी नर्सिंग होम में बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान 55 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पोड़ी नवागांव निवासी कुमारी बाई साहू लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रही थीं। उपचार के लिए उन्हें रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने बच्चेदानी में गंभीर समस्या बताते हुए ऑपरेशन कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजनों ने उन्हें रतनपुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन से पहले 15 हजार रुपये जमा कराए और सर्जरी की तैयारी शुरू कर दी।

एनेस्थीसिया के बाद अचानक बिगड़ी हालत
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन थिएटर में महिला को एनेस्थीसिया दिए जाने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होते देख अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें तत्काल बिलासपुर स्थित सिम्स रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि मरीज को उचित चिकित्सा व्यवस्था के बजाय निजी वाहन से भेजा गया और रेफरल संबंधी आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए।

सिम्स में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन जब महिला को लेकर सिम्स पहुंचे तो वहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी थी। हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण सिम्स में उपचार के प्रयास किए गए, लेकिन कुछ ही देर बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया।

सीसीटीवी फुटेज को बनाया जांच का आधार
मृतका के पुत्र मुकेश साहू ने पुलिस से नर्सिंग होम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर जब्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऑपरेशन की तैयारी से लेकर मरीज की हालत बिगड़ने और रेफर किए जाने तक की पूरी घटना कैमरों में दर्ज हो सकती है, जिससे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
रतनपुर पुलिस ने अस्पताल के उपचार रिकॉर्ड, ऑपरेशन से जुड़े दस्तावेज और रेफरल प्रक्रिया की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


































