BALOD NEWS. जिले के देहान गांव के पास रेलवे ट्रैक पर रविवार तड़के एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। शादी के महज 45 दिन बाद अपने प्रेमी के साथ घर से भागी नवविवाहिता और उसके प्रेमी के बीच रेलवे ट्रैक पर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में प्रेमी की मौके पर मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक कांकेर जिले के ग्राम कोरतरा निवासी 23 वर्षीय मोनिका खरे की शादी 22 अप्रैल 2026 को परसोदा (जगन्नाथपुर) निवासी टीकम कुमार खरे से हुई थी। शादी को अभी डेढ़ माह ही हुआ था कि शनिवार देर रात वह अपने पुराने प्रेमी मिथलेश ठाकुर (28) के साथ घर से निकल गई। मिथलेश बालोद जिले के दौंडीलोहारा क्षेत्र के भीमपुरी गांव का निवासी था।

बताया जा रहा है कि दोनों मोटरसाइकिल से देहान रेलवे अंडरब्रिज के पास पहुंचे, जहां साथ रहने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मिथलेश लगातार मोनिका पर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था, जबकि युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। बहस बढ़ने पर मिथलेश रेलवे पटरी पर जाकर बैठ गया।

इसी दौरान ट्रेन आती देख मोनिका उसे पटरी से हटाने का प्रयास करने लगी, लेकिन अफरा-तफरी में दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में मिथलेश के सिर पर गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल होने के बावजूद मोनिका ने डायल-112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव रेफर कर दिया गया। इधर, रात में पत्नी के गायब होने पर पति टीकम कुमार खरे और उसके परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे। सुबह पुलिस से सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे, जहां पूरे मामले का खुलासा हुआ।

जांच में यह भी सामने आया है कि मोनिका और मिथलेश के बीच पिछले ढाई साल से प्रेम संबंध थे। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। मृतक मिथलेश पहले से शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।


































