AMBIKAPUR NEWS. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लिया। उनके साथ मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने योगाभ्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने योग को भारत की प्राचीन जीवन पद्धति बताते हुए इसे स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक विकास का भी प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अनेक देशों में इसे बड़े उत्साह के साथ अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक बनाने के उद्देश्य से योग को शिक्षा व्यवस्था से भी जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि जो व्यक्ति अब तक योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा नहीं बना पाए हैं, वे आज से इसकी शुरुआत करें।

साय ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य के सभी जिलों और ग्राम स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें राज्यपाल, मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके नियमित अभ्यास पर जोर दिया।

राहुल गांधी के प्रस्तावित रायपुर दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, उसका परिणाम सबके सामने होता है। हालांकि उन्होंने कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम को पार्टी का आंतरिक विषय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राजनीतिक दल समय-समय पर करते रहते हैं। योग दिवस आयोजन के लिए पीजी कॉलेज मैदान में डोम निर्माण का ठेका कथित रूप से चहेते ठेकेदार को दिए जाने के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि आरोप लगाने वालों को पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में अनेक घोटालों के आरोप सामने आए और राज्य को नुकसान पहुंचाने का काम हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी कारण कुछ लोग जेल में हैं, कुछ जमानत पर हैं और कुछ के खिलाफ जांच जारी है। सड़क निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं और वायरल वीडियो के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी शिकायतें या प्रमाण सामने आ रहे हैं, वहां जांच कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और भ्रष्टाचार या अपराध में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।






































