CHHATTISGARH NEWS मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। पोड़ी थाना पुलिस ने उजियारपुर इलाके में लावारिस हालत में खड़ी दो ओडिशा नंबर की कारों से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों से कुल 565 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। इसमें एक कार से 305 किलोग्राम और दूसरी कार से 260 किलोग्राम गांजा मिला।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को उजियारपुर क्षेत्र में दो संदिग्ध कारों के लावारिस खड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जब वाहनों की तलाशी ली गई तो बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

दोनों कारों के रजिस्ट्रेशन नंबर ओडिशा राज्य के पाए गए हैं। वाहन चालक और मालिक मौके से फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।

फिलहाल पोड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वाहनों के नंबर तथा अन्य सुरागों के आधार पर तस्करों की तलाश के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।





































