NEW DELHI NEWS. सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के परिणाम को लेकर असंतुष्ट छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पहली बार बोर्ड ने ऐसी व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत अंकों के वेरिफिकेशन के बाद भी यदि रिजल्ट में कोई बदलाव नहीं होता है, तो संबंधित छात्र अपनी उत्तर पुस्तिका की फिजिकल जांच कर सकेंगे। यह नई व्यवस्था छत्तीसगढ़ समेत देशभर में लागू हाेगी।

सीबीएसई की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, यह सुविधा केवल उन छात्रों को मिलेगी जिन्होंने पहले अंकों के वेरिफिकेशन के लिए आवेदन किया था और जिनका परिणाम ‘नो चेंज’ रहा। ऐसे विद्यार्थी अब सीधे सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय जाकर अपनी उत्तर पुस्तिका का निरीक्षण कर सकेंगे। इसके लिए बोर्ड जल्द ही विस्तृत शेड्यूल और प्रक्रिया जारी करेगा।

अब तक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रों के पास अपनी उत्तर पुस्तिका की प्रत्यक्ष जांच कराने का कोई विकल्प नहीं था। इस नई व्यवस्था के जरिए बोर्ड मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में कदम उठा रहा है।

नई व्यवस्था से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जिन्हें अब भी अपनी कॉपी के मूल्यांकन को लेकर संदेह है। पहले वेरिफिकेशन के बाद अंक नहीं बदलने पर प्रक्रिया समाप्त हो जाती थी, लेकिन अब छात्र क्षेत्रीय कार्यालय में जाकर उत्तर पुस्तिका की फिजिकल जांच कर अपनी शंकाओं का समाधान कर सकेंगे।

इसका लाभ छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के उन छात्रों को मिलेगा जो सीबीएसई बोर्ड (10वीं या 12वीं) के छात्र हैं। उन्होंने अंकों के वेरिफिकेशन के लिए आवेदन किया था। वेरिफिकेशन के बाद उनके परिणाम में “No Change” आया है। ऐसे छात्र अपने संबंधित सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय में जाकर उत्तर पुस्तिका की फिजिकल जांच कर सकेंगे। सीबीएसई जल्द ही इसके लिए विस्तृत शेड्यूल और प्रक्रिया जारी करेगा।






































