NEW DELHI NEWS. कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने खाड़ी देशों में संचालित अपने स्कूलों की बोर्ड परीक्षाएं रद्द करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में बोर्ड की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।

इन देशों में लागू होगा फैसला
सीबीएसई के अनुसार यह निर्णय बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में लागू होगा। बोर्ड ने कहा है कि इन देशों में असामान्य वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालात के चलते विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परीक्षाएं रद्द की गई हैं।

मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद मध्य पूर्व में तनाव बेहद बढ़ गया है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने बयान जारी कर बताया कि तेहरान स्थित उनके कार्यालय ‘लीडरशिप हाउस’ पर हुए हमले में उनकी मृत्यु हो गई।

इस हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रमुख मेजर जनरल मोहम्मद पाकपुर और वरिष्ठ सलाहकार अली शमखानी के भी मारे जाने की खबर है। ईरान के सरकारी टेलीविजन पर 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तेहरान में हुए हमले में कई शीर्ष सैन्य अधिकारियों के हताहत होने की भी आशंका जताई गई है। वहीं इजरायली मीडिया के हवाले से दावा किया गया है कि हमले के बाद की तस्वीरें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को दिखाई गईं।

हालांकि, इन घटनाओं को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और क्षेत्र में हालात अत्यंत संवेदनशील बने हुए हैं।




































