RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी वेणु जंघेल को बिलासपुर से 10 मई की देर रात गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी छात्रों से पैसे लेकर परीक्षा से पहले कथित प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था। मामला सामने आने के बाद वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और डिजिटल सबूत मिटाने में जुटा था। मामले की शुरुआत उस समय हुई जब 12वीं हिंदी परीक्षा का कथित प्रश्नपत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल होने लगा। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी और उससे जुड़े लोग इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से डिलीटेड चैट, मोबाइल डेटा, सोशल मीडिया एक्टिविटी और पैसों के लेन-देन की जानकारी रिकवर की गई। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस टीम ने मामले में 50 से ज्यादा छात्रों और अन्य संदिग्ध लोगों से पूछताछ की।

इसी दौरान मुख्य आरोपी वेणु जंघेल का नाम सामने आया। आरोपी बेमेतरा जिले के बरसरा गांव का रहने वाला है और रायपुर के गोकुल नगर इलाके में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कथित प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के बदले छात्रों से करीब 3000 रुपये तक वसूलता था। मामला दर्ज होने के बाद वह फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। रायपुर क्राइम ब्रांच, ACCU और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस अब उन लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिनके जरिए प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचाया गया।

जांच जारी, और गिरफ्तारी की संभावना
पुलिस के मुताबिक मामले में मिले डिजिटल साक्ष्य और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। कई अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



































