BILASPUR NEWS. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने एक बुजुर्ग के बैंक खाते से सात अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब दो लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रुचिका विहार कॉलोनी निवासी देवेन्द्र कुमार रावत का बचत खाता बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मध्यनगरी चौक शाखा में है। 28 जून को अज्ञात साइबर ठगों ने उनके खाते से सात बार में कुल 1,99,285.45 रुपये निकाल लिए। काफी देर तक उन्हें इस ठगी की भनक तक नहीं लगी।


ठगी का खुलासा तब हुआ, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर उनके खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित ने संबंधित नंबर पर दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। बैंक खाते की जांच करने पर उन्हें साइबर ठगी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

प्रारंभिक जांच के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत अपराध दर्ज किया है। साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन और मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।






































