BILASPUR NEWS. सोशल मीडिया पर डाली गई एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने 22 वर्षीय युवक की जान ले ली। कोरबा शहर के रामसागर पारा में रविवार देर रात पुरानी रंजिश का ऐसा खूनी अंत हुआ कि एक डीजे ऑपरेटर को चाकू, डंडे और ईंटों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता पिता-पुत्र समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक रवि यादव (22) रामसागर पारा का रहने वाला था और डीजे ऑपरेटर का काम करता था। करीब एक सप्ताह पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई एक स्टोरी को लेकर रवि और फेरी कारोबारी महेंद्र गंगवानी के बीच विवाद हुआ था। मामला मारपीट तक पहुंचा और दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। हालांकि पुलिस कार्रवाई के बाद मामला शांत दिखाई दे रहा था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

रविवार देर रात एक कार्यक्रम से लौट रहे रवि यादव को रामसागर पारा में पहले से घात लगाए बैठे महेंद्र गंगवानी, उसके नाबालिग बेटे और अन्य साथियों ने रोक लिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोपियों ने रवि पर चाकू, लाठी, डंडे और ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से रवि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस दौरान रवि को बचाने पहुंचे उसके एक दोस्त पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भीड़ के सामने हुई हत्या, वीडियो हुआ वायरल
घटना के समय मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर पहुंचकर तोड़फोड़ भी की, जिसके बाद पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।

कुछ घंटों में पुलिस ने दबोचे आरोपी
वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी महेंद्र गंगवानी, उसके बेटे समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया विवाद सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

सोशल मीडिया की दुश्मनी बनी जानलेवा
कोरबा की यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि सोशल मीडिया पर शुरू होने वाले छोटे विवाद किस तरह हिंसक रूप ले सकते हैं। महज एक इंस्टाग्राम स्टोरी से शुरू हुआ विवाद एक युवक की हत्या और कई परिवारों की जिंदगी तबाह कर गया।





































