RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और रणनीति के साथ मजबूत करने में जुट गई है। राजधानी रायपुर में चल रहे जिला कांग्रेस अध्यक्षों के 10 दिवसीय महाप्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और भाजपा सरकार के खिलाफ जनता के मुद्दों पर आक्रामक तरीके से संघर्ष करने का आह्वान किया।

भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों को संगठन की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इसका पूरा उपयोग करते हुए केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की साय सरकार की जनविरोधी एवं भ्रष्ट नीतियों को जनता के बीच उजागर करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत जनता के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाना है।

कांग्रेस की विचारधारा और संगठन पर जोर
प्रशिक्षण सत्र में भूपेश बघेल ने कांग्रेस की विचारधारा, देश के विकास में पार्टी के योगदान और अपनी सरकार के पांच वर्षों में लागू की गई जनहितैषी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने जिला अध्यक्षों को संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने के गुर भी बताए।

जल, जंगल, जमीन और अधिकारों पर मंथन
प्रशिक्षण शिविर में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के मूल मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। पूर्व अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह और अल्पसंख्यक विभाग के अमीन मेमन ने आदिवासी अधिकार, अल्पसंख्यक कल्याण तथा जल, जंगल और जमीन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिया। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

हर सत्र में मौजूद हैं शीर्ष नेता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत प्रशिक्षण शिविर के हर सत्र में लगातार शामिल हो रहे हैं। दोनों नेता प्रशिक्षण स्थल पर ही रात्रि विश्राम भी कर रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण का संदेश जा रहा है।
यह प्रशिक्षण शिविर राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। वहीं प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, व्यवस्था समिति और सेवादल के स्वयंसेवक इसकी व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।

आज लखना गांव में करेंगे श्रमदान
प्रशिक्षण के नौवें दिन सभी जिला अध्यक्ष लखना गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ श्रमदान करेंगे। 10 दिवसीय इस महाप्रशिक्षण शिविर का समापन 29 जून को होगा।





































