KAWARDHA NEWS. छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पंडरिया विकासखंड के वनांचल ग्राम तेलियापानी लेदरा स्थित एक शासकीय स्कूल में शिक्षक द्वारा स्कूल परिसर के भीतर शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने तत्काल मामले की जांच के आदेश देते हुए संबंधित स्कूल के प्रधान पाठक से विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया है।

वायरल वीडियो में एक शिक्षक स्कूल के कमरे के भीतर बैठकर शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह घटना स्कूल समय के दौरान की है। कमरे में शराब की बोतलें और चखने का सामान भी दिखाई देने की बात सामने आई है। बच्चों को संस्कार और शिक्षा देने वाले शिक्षक की इस कथित हरकत ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


वीडियो की सत्यता की जांच जारी
जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू करा दी है। उन्होंने संबंधित प्रधान पाठक से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो कब का है, घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन-कौन जिम्मेदार हैं।

दोषी पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
शिक्षा विभाग का कहना है कि वीडियो की प्रामाणिकता और सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। यदि जांच में संबंधित शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।






































