KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। बोलेरो सवार युवकों ने पहले सड़क पर जमकर उत्पात मचाया, फिर एक युवक को वाहन से कुचल दिया। इतना ही नहीं, वाहन का पीछा कर रहे एक युवक का कथित रूप से अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई भी की गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र के बुधवारी बाईपास से बलगी मार्ग के बीच रात करीब 1 बजे से 3 बजे के दौरान बोलेरो सवार युवकों और दूसरे पक्ष के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कुछ युवकों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। इसी दौरान चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू को बोलेरो से टक्कर मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि घायल चंद्रमणि रात्रे जिला पुलिस बल में पदस्थ एएसआई रामनारायण रात्रे का पुत्र है। घटना के बाद उसके साथी अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर स्कूटी से बोलेरो का पीछा करने निकले।

आरोप है कि बोलेरो सवार युवकों ने पीछा कर रहे अरविंद राठौर को पकड़ लिया और जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद करीब 25 से 30 युवकों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसे अधमरी हालत में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। कुछ समय बाद राहगीरों की नजर घायल युवक पर पड़ी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।



































