BILASPUR NEWS. शहर के व्यस्त कारोबारी इलाके व्यापार विहार में गुरुवार को ठगी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई। बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने झाड़-फूंक और तबीयत ठीक करने का झांसा देकर एक व्यापारी को अपनी बातों में उलझाया और 3 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार नवागढ़ निवासी व्यापारी जनक प्रसाद साहू अपने पुत्र उमेश कुमार साहू के साथ व्यापारिक कार्य से व्यापार विहार आए थे। यहां उन्होंने थोक मंडी से लहसुन, प्याज सहित अन्य कृषि उत्पादों की खरीदारी की थी। खरीदारी के बाद दोनों अंडा चौक की ओर जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने बातचीत के दौरान झाड़-फूंक और स्वास्थ्य संबंधी बातें कर व्यापारी का विश्वास जीत लिया। इसी बीच उन्होंने बड़ी चालाकी से व्यापारी का ध्यान भटकाया और 3 लाख रुपये से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।

कुछ देर बाद जब व्यापारी को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने अपने पुत्र के साथ बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार बाइक से आंखों से ओझल हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही तारबहार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध बाइक सवारों की गतिविधियां कैमरों में कैद होने की जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

व्यापार विहार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
ठगी का पुराना तरीका, फिर भी फंस रहे लोग
पुलिस के अनुसार झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या बीमारी ठीक करने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने वाले गिरोह कई शहरों में सक्रिय हैं। ऐसे मामलों में अजनबियों की बातों में आने से बचने और नकदी लेकर चलते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।






































