KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी की नजर सरकार गठन पर है। मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस के बीच शुक्रवार को कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है। बीजेपी ने चुनाव में 207 सीटें जीतकर दो-तिहाई से ज्यादा बहुमत हासिल किया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। बंगाल में पहली बार सरकार बनाने जा रही बीजेपी ने चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं किया था, लेकिन अमित शाह ने प्रचार के दौरान साफ किया था कि नया मुख्यमंत्री बंगाल से ही होगा।

शुभेंदु अधिकारी सबसे मजबूत दावेदार
शुभेंदु अधिकारी का नाम मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है। बंगाल की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ और संगठन में प्रभाव को उनकी सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है। उन्होंने लगातार दो विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सीधे चुनौती दी और जीत हासिल की। इसी वजह से उन्हें बीजेपी का सबसे मजबूत चेहरा माना जा रहा है।

दिलीप घोष का अनुभव भी बड़ा फैक्टर
दिलीप घोष भी मुख्यमंत्री पद की रेस में प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। वह बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं और प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने बंगाल में पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। संगठन पर उनकी पकड़ और लंबे राजनीतिक अनुभव को देखते हुए पार्टी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है।

समिक भट्टाचार्य के नाम की भी चर्चा
बीजेपी के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य का नाम भी सीएम पद की चर्चा में शामिल है। उनके नेतृत्व में पार्टी ने विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल की। वह लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी संगठन से जुड़े रहे हैं। पार्टी के भीतर उनकी संगठनात्मक पकड़ मजबूत मानी जाती है।

अग्निमित्रा पॉल भी रेस में शामिल
अग्निमित्रा पॉल का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल है। पेशे से फैशन डिजाइनर रहीं अग्निमित्रा अपनी बेबाक शैली के लिए जानी जाती हैं। 2019 में बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने तेजी से संगठन में अपनी पहचान बनाई। 2021 में पहली बार विधायक बनीं और इस चुनाव में भी आसनसोल दक्षिण सीट से जीत दर्ज की है। जनवरी में उन्हें बंगाल बीजेपी का उपाध्यक्ष बनाया गया था।



































