BILASPUR NEWS. वन विभाग में वित्तीय अनियमितता और फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी राशि के दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है। बिलासपुर वृत्त के मुख्य वन संरक्षक (CCF) मनोज कुमार पाण्डेय ने सख्त कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-2 एवं कैंपा शाखा प्रभारी भूपेंद्र कुमार साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यह कार्रवाई प्रधान मुख्य वन संरक्षक की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। जांच में खुलासा हुआ कि वर्ष 2022 में वृक्षारोपण कार्य के लिए गोबर खाद खरीदी के नाम पर बड़े पैमाने पर वित्तीय हेराफेरी की गई थी। आरोपी कर्मचारी पर फर्जी प्रमाण-पत्रों और कूट रचित दस्तावेजों के सहारे करीब 14.77 लाख रुपये का अवैध लेखा समायोजन करने का आरोप है।

जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि समिति सचिवों पर दबाव बनाकर शासकीय राशि निकाली गई। भूपेंद्र साहू ने वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी के बिना गलत तरीके से एलओसी तैयार करवाई और जांच के दौरान भ्रामक जानकारी देकर विभाग को गुमराह करने की कोशिश की।

वन विभाग ने इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों का गंभीर उल्लंघन और वित्तीय कदाचार मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय बिलासपुर निर्धारित किया गया है।

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, आरोपी कर्मचारी के खिलाफ नरवा विकास और ग्रीन क्रेडिट जैसी अन्य योजनाओं में भी गड़बड़ी की शिकायतें मिली हैं। इन मामलों की जांच भी तेज कर दी गई है।



































