BILASPUR NEWS. बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के गोढ़ी गांव में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों नेताओं के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, समाधान शिविर में पहुंचे कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने माइक संभालते हुए ग्रामीणों से पेयजल, बिजली, सड़क, खाद-बीज और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा शुरू की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से लंबित आवेदनों और समस्याओं के निराकरण को लेकर सवाल किए। इस दौरान कई विभागों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया।

ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं, जिसके बाद बहस का स्वर और तेज हो गया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच राजेंद्र शुक्ला अपने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ “सुशासन तिहार नहीं, दिखावा बंद करो” जैसे नारे लगाते हुए शिविर से बाहर निकल गए और कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।

सवाल पूछने पर माइक बंद करने का आरोप
कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने आरोप लगाया कि जब वे जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांग रहे थे, तब उनका माइक बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में लोगों की शिकायतों का प्रभावी निराकरण नहीं हो रहा था और सवाल उठाने पर उन्हें बोलने से रोकने का प्रयास किया गया।

शासकीय कार्यक्रम में बाधा उचित नहीं : कौशिक
वहीं, विधायक धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस नेता के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जब वे शिविर में पहुंचे, तब राजेंद्र शुक्ला अधिकारियों से ऊंची आवाज में बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान करना है और हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। हालांकि, किसी भी शासकीय कार्यक्रम में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न करना उचित नहीं है।

घटना के बाद राजनीतिक हलकों में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
bilaspur news, Chhattisgarh News, Congress leader and MLA Kaushik, Political battle erupts, sushasan ka tyohar, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला, तीखी बहस, बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, राजनीतिक माहौल गरमा गया, सुशासन तिहार के समाधान शिविर


































