BILASPUR NEWS. शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र व्यापार विहार में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली मसालों के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है। राजस्व विभाग की टीम ने ‘बालाजी मूवर्स एंड पैकर्स’ परिसर में छापा मारकर नामी ब्रांड ‘एवरेस्ट’ के नाम पर तैयार किए जा रहे नकली मसालों की भारी खेप जब्त की। बरामद माल की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।

प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि यहां से नकली ब्रांडेड मसालों को शहर और आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम और अतिरिक्त तहसीलदार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
कंपनी ने किया खुलासा—सारा माल नकली
छापेमारी के दौरान ‘एवरेस्ट’ कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधियों को मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जब्त किया गया मसाला उनकी कंपनी का नहीं है, बल्कि ब्रांड के नाम का दुरुपयोग कर नकली तरीके से पैक किया गया है। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल गोदाम और दुकान को सील कर दिया।


कानूनी कार्रवाई की तैयारी, नेटवर्क खंगालने में जुटी टीम
राजस्व विभाग ने मौके पर पंचनामा तैयार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नकली मसाला नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़े हैं।

अधिकारियों की चेतावनी
अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




































