ROME NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे के दौरान एक ऐसा दिलचस्प पल देखने को मिला, जिसने सोशल मीडिया पर Melodi ट्रेंड को फिर से सुर्खियों में ला दिया। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें भारत की मशहूर ‘मेलोडी’ टॉफी उपहार में दी। मेलोनी ने इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए लिखा, Thank you for the gift और टॉफी को बहुत-बहुत अच्छी बताया। यह वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया।

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कई मुलाकातों के बाद सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के नामों को जोड़कर ‘Melodi’ (Modi + Meloni) ट्रेंड शुरू हुआ था। G20 और G7 जैसे आयोजनों के दौरान दोनों नेताओं की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद यह मीम और इंटरनेट ट्रेंड काफी लोकप्रिय हुआ। इसी ट्रेंड को हल्के-फुल्के अंदाज में जीवंत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी भेंट की।


रोम की सड़कों पर साथ सफर, कोलोजियम का भी किया दौरा
इटली यात्रा के दौरान दोनों नेताओं ने औपचारिक बैठकों से पहले अनौपचारिक मुलाकात भी की। दोनों नेताओं ने रोम की सड़कों पर एक ही कार में सफर किया और करीब 2000 साल पुराने ऐतिहासिक Colosseum का दौरा किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने साथ समय बिताया और कई विषयों पर चर्चा की। तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।

भारत-इटली रिश्तों में दोस्ताना संदेश
विशेषज्ञों के अनुसार, यह मुलाकात सिर्फ कूटनीतिक नहीं बल्कि भारत और इटली के बीच मजबूत होते रिश्तों का दोस्ताना संदेश भी मानी जा रही है। दोनों देशों के बीच व्यापार, रणनीतिक सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर साझेदारी को और मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।



































