RAIPUR NEWS. अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने नर्सिंग संवर्ग को बड़ा सम्मान देते हुए उनकी पदनाम व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव किया है। राजधानी रायपुर स्थित Dr. Bhimrao Ambedkar Memorial Hospital में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal ने घोषणा की कि अब राज्य में ‘स्टाफ नर्स’ को ‘नर्सिंग ऑफिसर’ और ‘नर्सिंग सिस्टर’ को ‘सीनियर नर्सिंग ऑफिसर’ के नाम से जाना जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह बदलाव केवल पदनाम परिवर्तन नहीं, बल्कि नर्सिंग स्टाफ के समर्पण, सेवा और योगदान के प्रति राज्य सरकार की कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा में नर्सें मां के समान भूमिका निभाती हैं और कोविड काल सहित हर कठिन परिस्थिति में उन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने नर्सों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने का कार्य किया है।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारियों Dr. Reena Rajput, Neelima Sharma और Ranjana Singh Thakur समेत कई नर्सिंग कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया और पूरे नर्सिंग संवर्ग का उत्साहवर्धन किया।

सरकार के इस फैसले को नर्सिंग प्रोफेशनल्स के मनोबल को बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जानकारों के अनुसार, नए पदनाम से न केवल नर्सों के सामाजिक सम्मान में वृद्धि होगी, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी उनकी भूमिका को नई पहचान और गरिमा मिलेगी।






































