AARANG NEWS. आरंग विधानसभा क्षेत्र में जनहित के मुद्दों और प्रशासन की कथित निष्क्रियता को लेकर आज कांग्रेस ने पूर्व कैबिनेट मंत्री Shivkumar Dahariya के नेतृत्व में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। आंदोलन की शुरुआत मुख्य बस स्टैंड पर आयोजित विशाल जनसभा से हुई, जहां कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी और विकास कार्यों को ठप करने का आरोप लगाया।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. डहरिया ने कहा कि यह आंदोलन केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि भाजपा के कुशासन के खिलाफ जनआक्रोश की शुरुआत है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरंग क्षेत्र में माफिया राज और अवैध वसूली चरम पर है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।

बैरिकेड्स तोड़ मंत्री कार्यालय तक पहुंचे कार्यकर्ता
कांग्रेस की रैली को नेताजी चौक स्थित कैबिनेट मंत्री Guru Khushwant Saheb के कार्यालय की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग की थी। इसके बावजूद आक्रोशित कार्यकर्ता पुलिस घेरा तोड़ते हुए मंत्री कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई।

कांग्रेस ने उठाए 12 प्रमुख मुद्दे
कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की 12 प्रमुख समस्याओं को उठाया। इनमें महानदी में अवैध रेत उत्खनन पर रोक, भू-माफियाओं पर कार्रवाई, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता, गैस एजेंसी की मनमानी पर रोक, बिजली कटौती बंद करने, अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई और स्वामी आत्मानंद स्कूलों में संसाधनों की कमी दूर करने जैसी मांगें शामिल रहीं।

इसके अलावा पुराने बस स्टैंड निर्माण कार्य को पूरा करने, मंदिर हसौद तहसील भवन का लोकार्पण करने, ग्रामीण क्षेत्रों में रुके विकास कार्य दोबारा शुरू करने तथा सरकारी दफ्तरों में व्याप्त कथित कमीशनखोरी और अवैध वसूली पर रोक लगाने की भी मांग की गई।




































