KAWARDHA NEWS. प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील से प्रेरित होकर कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक Dharmendra Singh मंगलवार को अपने निवास से साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे। उनके इस कदम को जिले में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, एसपी सिंह ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी ईंधन की खपत कम करने के लिए साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करने और पैदल चलने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन की बचत केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि लोग अपनी छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाएं तो ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि जिनका निवास कार्यालय के पास है, वे यथासंभव पैदल कार्यालय आएं और वाहनों के अनावश्यक उपयोग से बचें। साथ ही उन्होंने यह भी आग्रह किया कि प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिन साइकिल से या पैदल अपने कार्यस्थल तक पहुंचने का संकल्प लें, जिससे स्वास्थ्य को भी लाभ मिलेगा।

इस पहल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Pushpendra Baghel और पुलिस उपाधीक्षक Sanjay Dhruv समेत पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए तथा साइकिल से कार्यालय पहुंचकर ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।





































