RAIPUR NEWS. नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू और जंगल सफारी घूमने की योजना बना रहे पर्यटकों को अब पहले की तुलना में अधिक खर्च करना होगा। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने जू एंट्री, सफारी राइड और अन्य सुविधाओं के टिकट शुल्क में बड़ा बदलाव किया है। नई दरों के लागू होने के बाद अधिकांश श्रेणियों में टिकट कीमतें बढ़ गई हैं, जिससे परिवार के साथ घूमने आने वाले पर्यटकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। वन विभाग की नई रेट पॉलिसी के अनुसार बच्चों, वयस्कों और विदेशी पर्यटकों के टिकट शुल्क में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है।

विभाग का कहना है कि बढ़ी हुई राशि का उपयोग जंगल सफारी और जू के रखरखाव, पशु-पक्षियों की बेहतर देखभाल तथा पर्यटक सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत 6 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए जू एंट्री टिकट 25 रुपए से बढ़ाकर 50 रुपए कर दिया गया है। वहीं 12 वर्ष से अधिक उम्र के पर्यटकों को अब 50 रुपए की जगह 100 रुपए चुकाने होंगे। यानी दोनों श्रेणियों में टिकट शुल्क सीधे दोगुना हो गया है।

विदेशी पर्यटकों के लिए भी टिकट दरों में बड़ा इजाफा किया गया है। पहले जहां उन्हें 200 रुपए का टिकट लेना पड़ता था, अब इसके लिए 500 रुपए खर्च करने होंगे। यह बढ़ोतरी 150 प्रतिशत से अधिक है। नई पॉलिसी में 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए नि:शुल्क प्रवेश की सुविधा बरकरार रखी गई है। हालांकि इसका लाभ लेने के लिए वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को मिलने वाली नि:शुल्क एंट्री की सुविधा सप्ताहांत, सार्वजनिक अवकाश और अन्य सरकारी छुट्टियों पर लागू नहीं होगी। ऐसे दिनों में उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार प्रवेश लेना होगा। वन विभाग का तर्क है कि बढ़ी हुई टिकट दरों से जंगल सफारी और नंदनवन जू में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। साथ ही पशु-पक्षियों के संरक्षण, रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

एक नजर में बदलाव
श्रेणी पुराना शुल्क नया शुल्क
6-12 वर्ष के बच्चे ₹25 ₹50
12 वर्ष से अधिक उम्र ₹50 ₹100
विदेशी पर्यटक ₹200 ₹500
वरिष्ठ नागरिक (60+) नि:शुल्क नि:शुल्क*
दिव्यांगजन नि:शुल्क नि:शुल्क*



































