TAKHATPUR NEWS. क्षेत्र के ग्राम सावाडबरा से एक महिला अपने तीन नाबालिग बच्चों सहित रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी महिला और बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। वहीं पूरे इलाके में मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महिला 4 मई को अपने तीन बच्चों के साथ बहन के घर बिलासपुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है और परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिलने पर तखतपुर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने गुमशुदगी कायम कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पांच दिन बीत जाने के बाद भी महिला और बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों के साथ-साथ समाज के लोगों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसी को लेकर कलार समाज के पदाधिकारी और समाज प्रमुख तखतपुर थाना पहुंचे और थाना प्रभारी विवेक पांडेय से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। समाज के लोगों ने जांच की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इतने दिन गुजर जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया है।

समाज प्रमुखों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला और बच्चों की जल्द तलाश करने की मांग की है। वहीं महिला और उसके तीन बच्चों के अचानक लापता होने की घटना से क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।

इधर, तखतपुर थाना प्रभारी विवेक पांडेय ने बताया कि गुमशुदा महिला और बच्चों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।



































