Chhattisgarh News : रायगढ़। संविदा नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कलेक्टरेट सारंगढ़ में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगवाने का झांसा देकर आरोपी ने युवती से 3 लाख 38 हजार 500 रुपये ऐंठ लिए। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया। मामले की शिकायत पर कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी हरीश मिश्रा को जशपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, कोतरा निवासी पदिमनी यादव की पहचान आरोपी हरीश मिश्रा से उसकी भतीजी के जरिए हुई थी। आरोपी ने फरवरी से मार्च 2026 के बीच युवती को कलेक्टरेट सारंगढ़ में कंप्यूटर ऑपरेटर की संविदा नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में उसने नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 3 लाख 38 हजार 500 रुपये वसूल लिए।

काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में उसने “कॉल मी सर्विसेस” नाम की संस्था का कथित नियुक्ति पत्र युवती को सौंप दिया। संदेह होने पर पदिमनी यादव खुद कलेक्टरेट पहुंची, जहां जांच में नियुक्ति पत्र फर्जी निकला। इसके बाद उसने कोतरारोड़ थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर कि आरोपी जशपुर में छिपा हुआ है, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि ठगी की अधिकांश रकम खर्च हो चुकी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद की है।

Chhattisgarh News:
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले श्रम विभाग रायगढ़ में कार्यरत रह चुका है।




































