छत्तीसगढ़ के जांजगीर के न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने शराब पीकर बाइक चलाने वाले युवक को अनोखी सजा सुनाई है। कोर्ट ने युवक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही उसे 15 दिन तक सामुदायिक सेवा करने का आदेश दिया गया है।
कोर्ट के निर्देश के अनुसार युवक को चौक-चौराहों पर जाकर लोगों को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक करना होगा। जिले में इस तरह की सजा पहली बार दिए जाने की चर्चा हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, यातायात पुलिस ने नेशनल हाईवे पर युवक को शराब के नशे में बाइक चलाते पकड़ा था। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी युवक शराब पीकर वाहन चलाते पकड़ा गया था, तब उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था।



































