जालौन: जालौन में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां पर एक मां ने पति से विवाद के बाद गुस्से में आकर अपनी चार साल की मासूम बेटी नैना का गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने महिला आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव का है। यहां पर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसात्मक रूप ले लिया। झगड़े के बाद मां ने चार साल की मासूम बेटी नैना का गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्या है पूरा मामला?
बच्ची के पिता राजकुमार ने बताया कि गुरुवार की रात परिवार के सभी सदस्य रोज की तरह खाना खाने के बाद सो गए थे। देर रात गर्मी के चलते राजकुमार की नींद खुल गई। उसने कमरे के अंदर देखा तो वह सन्न रह गया। उसकी बेटी नैना बेहोशी की हालत में पड़ी थी और उसकी पत्नी विनीता पास में खड़ी थी। राजकुमार डर और सदमे में पूरी रात चुपचाप जागता रहा। इसके बाद सुबह पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आरोपी मां विनीता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में विनीता ने गुस्से में आकर बच्ची की हत्या करना स्वीकार कर लिया है।
चल रहा था घरेलू विवाद
बताया जा रहा है कि राजकुमार मजदूरी करता है और तीन बच्चों का पालन-पोषण करता है। पिछले कई दिनों से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते मां ने अपनी ही बच्ची की जान ले ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है।
































