Jalaun News जालौन।उत्तरप्रदेश के जालौन जिले के माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बंगरा में शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण छत पर सो रहे एक ही परिवार के तीन युवकों को जहरीले कोबरा सांप ने डस लिया। समय पर इलाज और एंटी वेनम इंजेक्शन नहीं मिलने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बंगरा निवासी ललन्जू परिहार के यहां 19 जून को बेटी की शादी होनी है। शादी समारोह में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश के रौन से रिश्तेदार पुनीत (22) गांव आया हुआ था। शनिवार रात बिजली गुल होने और तेज गर्मी के चलते पुनीत, अंशुल परिहार (23) और सुमित (19) छत पर सोने चले गए।

कोबरा ने एक-एक कर तीनों को डसा
देर रात एक जहरीला कोबरा सांप छत पर पहुंच गया और उसने सबसे पहले अंशुल को डस लिया। इसके बाद सांप ने सुमित और पुनीत को भी काट लिया। युवकों की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। इस दौरान अंशुल ने हिम्मत दिखाते हुए कोबरा को मार डाला, लेकिन तब तक तीनों युवक जहर की चपेट में आ चुके थे।

एंटी वेनम नहीं मिलने का आरोप
घटना के बाद घबराए परिजन पहले युवकों को झाड़-फूंक के लिए ग्राम डीहा ले गए, लेकिन वहां से मना कर दिया गया। इसके बाद तीनों को उरई जिला अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि अस्पताल में एंटी वेनम इंजेक्शन उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।इलाज शुरू होने में देरी के कारण अंशुल की मौत हो गई, जबकि सुमित और पुनीत की हालत गंभीर बनी हुई है।

गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।




































