RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में IPL 2026 का रोमांच शुरू हो गया है। आगामी दो आईपीएल मुकाबलों के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम शुक्रवार को रायपुर पहुंची। स्टार बल्लेबाज Virat Kohli समेत टीम के खिलाड़ियों का रायपुर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से टीम कड़ी सुरक्षा के बीच मायरा रिसॉर्ट के लिए रवाना हुई।

दरअसल, रायपुर को करीब 10 साल बाद आईपीएल मैचों की मेजबानी मिली है। Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में होने वाले मुकाबलों को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजधानी में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

10 मई को RCB और मुंबई इंडियंस के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में Rohit Sharma और विराट कोहली के फैंस बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंच सकते हैं। वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री Anushka Sharma, रितिका सजदेह और अंबानी परिवार के सदस्यों के भी मैच देखने रायपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा कई बॉलीवुड हस्तियों के भी मुकाबला देखने आने के आसार हैं।

मैचों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। मुख्य सचिव विकासशील की हाईलेवल बैठक के बाद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी डीआईजी गिरजाशंकर जायसवाल को सौंपी गई है, जो आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में कमान संभालेंगे।

मैच के दौरान 8 आईपीएस अधिकारियों, 20 राजपत्रित अधिकारियों और करीब 1500 पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 300 से अधिक अतिरिक्त जवान भी ड्यूटी पर रहेंगे।




































